गुरुग्राम, 23 अगस्त (भाषा) गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड की शिकायत पर दर्ज कथित जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश के मामले में ओरीस इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित गुप्ता को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर 85 स्थित ‘गोदरेज एयर’ परियोजना से जुड़े विवाद का है, जिसमें गोदरेज प्रॉपर्टीज और ओरीस साझेदार थी।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मुंबई पुलिस ने 17 मार्च को विक्रोली थाने में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में गुप्ता को अमृतसर से गिरफ्तार किया। उन्हें 27 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।’’
प्राथमिकी के अनुसार, गोदरेज प्रॉपर्टीज ने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कंपनी रजिस्ट्रार के पास दाखिल वैधानिक रिकॉर्ड में अनधिकृत बदलाव किए गए।
प्राथमिकी में जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक साजिश से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराएं लगाई गई हैं।
ओरीस गुरुग्राम स्थित कंपनी है और इसका कॉरपोरेट कार्यालय गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 में है। घटनाक्रम पर कंपनी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
गुरुग्राम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जुलाई में खेड़की दौला थाने में भूमि से जुड़े विवाद के मामले में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में पुलिस गुप्ता की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी।
गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम में ओरीस की ग्रीनोपोलिस परियोजना के करीब 1,650 आवास खरीदारों की परेशानी एक बार फिर चर्चा में आ गई है, जो वर्षों से अपने घरों पर कब्जा मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
खरीदारों का दावा है कि निर्माण कार्य रुकने से पहले कई परिवारों ने बिक्री मूल्य की बड़ी राशि का भुगतान कर दिया था। इसके बावजूद उन्हें अब तक घर नहीं मिले हैं और वे लगातार वित्तीय बोझ उठा रहे हैं।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप