ईरानी टैंकर से तेल हस्तांतरण को रोकने की हमारी सीमित क्षमता : मलेशिया

Ads

ईरानी टैंकर से तेल हस्तांतरण को रोकने की हमारी सीमित क्षमता : मलेशिया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 09:30 PM IST

कुआलालंपुर, 13 मई (एपी) मलेशिया की समुद्री एजेंसी का कहना है कि उसके पास ईरान से जुड़े टैंकर को अपने तट से दूर अन्य जहाजों में तेल स्थानांतरित करने से रोकने की सीमित क्षमता है, जिससे ईरान को प्रतिबंधों से बचने का मौका मिल रहा है और इसकी आलोचना हो रही है।

अमेरिका स्थित परमाणु विरोधी संगठन (यूएएनआई) का कहना है कि 28 फरवरी को अमेरिका- इजराइल द्वारा ईरान पर हमला करने और पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू करने के बाद से, मलेशिया के दक्षिणी राज्य जोहोर से लगभग 70 किलोमीटर दूर समुद्र में ईरानी तेल का जहाज-से-जहाज में हस्तांतरण के 42 मामले सामने आए है। यूएएनआई ने इन गतिविधियों का अवलोकन करने के लिए उपग्रह चित्रों का उपयोग किया है।

जहाज से जहाज में माल हस्तांतरण की आलोचना जहाजरानी उद्योग संगठनों और यूएएनआई ने की है और मलेशिया पर प्रवर्तन प्रयासों में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है।

मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी (एमएमईए )के महानिदेशक मोहम्मद रोस्ली अब्दुल्ला ने कहा कि ये स्थानांतरण अक्सर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में किए जाते हैं जहां मलेशिया का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि ये जहाज, ‘छद्म बेड़े’ का हिस्सा होते हैं, जो निगरानी प्रणाली को बंद रखते हैं, फर्जी पहचान का उपयोग करते हैं, रात में संचालन करते हैं और जटिल स्वामित्व संरचनाओं का फायदा उठाते हैं।

मोहम्मद रोस्ली ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, ‘‘उठाए गए मुद्दे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते और एमएमईए द्वारा संचालित समुद्री प्रवर्तन की परिचालन वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं।’’

अमेरिकी अधिकारियों ने पूर्व में दावा किया था कि ईरानी तेल निर्यात काफी हद तक मलेशियाई जलक्षेत्र के पास संचालित होने वाले सेवा प्रदाताओं और जहाज-से-जहाज हस्तांतरण पर निर्भर करता है।

एपी धीरज माधव

माधव