बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण, उत्तीर्ण प्रतिशत में गिरावट: सीबीएसई

Ads

बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण, उत्तीर्ण प्रतिशत में गिरावट: सीबीएसई

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 08:28 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित किए गए जिसमें इस साल 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

परिणाम से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत तीन प्रतिशत से अधिक कम हो गया है।

परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।

कुल 94,028 विद्यार्थी (कुल विद्यार्थियों का 5.32 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत और उससे अधिक अंक हासिल किए हैं, वहीं 17,113 विद्यार्थी (कुल विद्यार्थियों का 0.97 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

उन्होंने बताया कि 2026 में ‘कंपार्टमेंट’ श्रेणी में रखे गए विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1,63,800 (9.26 प्रतिशत) हो गई है, जो पिछले साल (2025) के 1,29,095 (7.63 प्रतिशत) से अधिक है। इसका मतलब हुआ कि ये छात्र मुख्य बोर्ड परीक्षा में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हैं लेकिन अन्य विषयों में उत्तीर्ण हो गए।

इस बार की परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारी और लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13 प्रतिशत रहा।

ट्रांसजेंडर श्रेणी के विद्यार्थियों की उत्तीर्ण दर शत प्रतिशत रही।

सीबीएसई के 22 क्षेत्रों में, त्रिवेंद्रम 95.62 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा, उसके बाद चेन्नई (93.84) और बेंगलुरु (93.19) का स्थान रहा। प्रयागराज में सबसे कम उत्तीर्ण प्रतिशत 72.43 प्रतिशत दर्ज किया गया। उसके बाद पटना में 74.45 प्रतिशत उत्तीर्ण प्रतिशत रहा।

विभिन्न प्रकार के संस्थानों में, केंद्रीय विद्यालयों ने 98.55 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, उसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालयों का स्थान रहा, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 98.47 रहा। सरकारी विद्यालयों का उत्तीर्ण प्रतिशत 89.55 रहा, जबकि निजी विद्यालयों का उत्तीर्ण प्रतिशत 84.22 रहा।

ये परीक्षाएं 19,967 विद्यालयों और 7,573 केंद्रों में आयोजित की गईं, जिनमें 5.06 लाख से अधिक पर्यवेक्षक तैनात थे।

सीबीएसई ने पहली बार कक्षा 12 की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का पूर्ण पैमाने पर मूल्यांकन ‘ऑन स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) के माध्यम से किया, जिसके तहत लगभग 70,000 मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा 98,66,622 उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल रूप से मूल्यांकन किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का ‘कंपार्टमेंट’ आया है या जो एक विषय में अपना प्रदर्शन सुधारना चाहते हैं, वे 15 जुलाई को होने वाली अनुपूरक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

‘लिस्ट आफ कैंडिडेट्स’ (एलओसी) जमा करने की खिड़की 2 जून को खुलेगी।

परिणाम सीबीएसई की वेबसाइट या डिजिलॉकर पर देखा जा सकता है।

भाषा अमित नरेश

नरेश