दिल्ली में रातभर बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में कमी

Ads

दिल्ली में रातभर बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में कमी

  •  
  • Publish Date - February 26, 2022 / 07:57 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:25 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) दिल्ली के कुछ हिस्सों में रातभर हुई बारिश और ओलावृष्टि से शनिवार को पारा गिर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और कई हिस्सों में ओलावृष्टि हुई।

अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम था। आईएमडी की ओर से कहा गया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम के औसत से एक डिग्री सेल्सियस अधिक था। शहर में आज हवा चलती रही। सापेक्ष आर्द्रता 78 प्रतिशत से 57 प्रतिशत के बीच रही।

आईएमडी के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक “मध्यम” श्रेणी में 102 था।

भाषा यश माधव

माधव