ओवैसी ने मतदाताओं से 20 जुलाई तक एसआईआर फॉर्म जमा करने की अपील की

Ads

ओवैसी ने मतदाताओं से 20 जुलाई तक एसआईआर फॉर्म जमा करने की अपील की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 03:34 PM IST

हैदराबाद, 15 जुलाई (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को लोगों से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के तहत गणना प्रपत्र अंतिम तिथि से काफी पहले जमा करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया नागरिकता से जुड़ी हुई है।

ओवैसी ने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एआईएमआईएम ने हैदराबाद के मुस्लिम युवा की मदद से एक ऐप तैयार किया है, जिसे मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहायता देने के लिए बनाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘…हम आपकी मदद कर रहे हैं, ताकि आपके लिए एसआईआर प्रपत्र भरना आसान हो जाए, क्योंकि हम जानते हैं कि यह प्रक्रिया नागरिकता से जुड़ी हुई है।’’

ओवैसी ने मतदाताओं को सलाह दी कि वे 24 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय 20 जुलाई तक अपने फॉर्म जमा कर दें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) पर बड़ी संख्या में फॉर्म निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने का भारी दबाव रहेगा।

तेलंगाना में एसआईआर अभ्यास के तहत घर-घर जाकर गणना का काम 25 जून से शुरू हुआ था और यह 24 जुलाई तक चलेगा।

ओवैसी ने धार्मिक कट्टरता से जुड़े विमर्श पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या धर्म के मार्ग पर चलना कट्टरता है?’’

एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि वास्तविक कट्टरता भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या और ट्रेन में दाढ़ी रखने वाले लोगों पर हमले जैसी लक्षित हिंसा की घटनाओं में दिखाई देती है, लेकिन सरकारें इन्हें नजरअंदाज करती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुसलमान कट्टरपंथी नहीं बनते और जो कट्टरपंथी बनते हैं, उनका धर्म से कोई संबंध नहीं होता।’’

ओवैसी ने सवाल उठाया कि क्या मस्जिदों को तोड़ना या उनका स्वरूप बदलना कट्टरता नहीं है।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान कम बारिश को देखते हुए एआईएमआईएम 26 जुलाई को वर्षा की कामना के लिए विशेष नमाज अदा करेगी।

भाषा

अमित पारुल

पारुल