जयपुर, आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को कहा कि पचपदरा रिफाइनरी परियोजना राज्य में आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी और बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को रिफाइनरी उद्घाटन करेंगे।
राठौड़ ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना के लिए एक त्रुटिपूर्ण समझौता किया था।
एक बयान में राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार को निशाना बनाते हुए राठौड़ ने आरोप लगाया कि रिफाइनरी परियोजना के लिए किया गया समझौता राज्य के हितों के खिलाफ था और इससे भारी वित्तीय बोझ पड़ता।
उन्होंने दावा किया कि पहले हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) जल्दबाजी में किया गया था, जिसमें पर्याप्त पर्यावरणीय मंजूरी और वित्तीय स्पष्टता नहीं थी, जिससे राज्य को भारी नुकसान हो सकता था।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में लौटने के बाद समझौते में बड़े संशोधन किए गए, जिससे वित्तीय बोझ कम हुआ और लगभग 40,000 करोड़ रुपये की बचत हुई। साथ ही परियोजना में राज्य की हिस्सेदारी भी बढ़ी।
उन्होंने कहा, ”राज्य का वित्तीय योगदान अब लगभग 16,845 करोड़ रुपये तक सीमित कर दिया गया है।”
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन