घबराई हुईं ताकतें ‘नए पंजाब’ के निर्माण संबंधी भाजपा संकल्प को पटरी से नहीं उतार सकतीं: जाखड़

Ads

घबराई हुईं ताकतें ‘नए पंजाब’ के निर्माण संबंधी भाजपा संकल्प को पटरी से नहीं उतार सकतीं: जाखड़

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 09:55 PM IST

चंडीगढ़, छह अप्रैल (भाषा) भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने सोमवार को कहा कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए लोगों द्वारा पार्टी कार्यालय पर हाल में किए गए हमले जैसे ‘‘कायरतापूर्ण’’ कृत्य पार्टी के ‘‘नए पंजाब’’ के निर्माण संबंधी संकल्प को डिगा नहीं पाएंगे।

प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 47वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा को अपने भविष्य के लिए ‘‘आशा की किरण’’ के रूप में देख रहे हैं। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, सांसद सतनाम सिंह और प्रदेश महासचिव परमिंदर बराड़ उपस्थित थे।

जाखड़ ने कहा कि पार्टी अपने इस मूल सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध है कि शासन के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से प्रेरणा लेते हुए पार्टी ‘‘नए पंजाब’’ के निर्माण की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के बारे में लोगों के बीच फैली गलतफहमियाँ दूर हो रही हैं, और ज़्यादा से ज़्यादा लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक अप्रैल को हुए धमाके का ज़िक्र करते हुए जाखड़ ने कहा कि इस तरह के हमले भाजपा को उसके मिशन से भटकाने की कोशिश हैं, लेकिन बलिदानों पर बनी यह पार्टी डरने वाली नहीं है।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव