पार्क सर्कस हिंसा: पुलिस गिरफ्तार लोगों को घटनास्थल पर ले गई

पार्क सर्कस हिंसा: पुलिस गिरफ्तार लोगों को घटनास्थल पर ले गई

पार्क सर्कस हिंसा: पुलिस गिरफ्तार लोगों को घटनास्थल पर ले गई
Modified Date: May 19, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: May 19, 2026 7:29 pm IST

कोलकाता, 19 मई (भाषा) कोलकाता पुलिस सुरक्षा बलों पर हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए चार लोगों को यहां पार्क सर्कस सेवन-पॉइंट क्रॉसिंग पर ले गई और अपराध के दृश्य को दोहराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोलकाता के तिलजला में हाल में हुई ‘बुलडोजर कार्रवाई’ के खिलाफ प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया था। मुस्लिम बहुल पार्क सर्कस क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव किया था।

पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और भीड़ के हमले में कम से कम आठ सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में 40 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की कवायद के तहत, चारों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाया गया, ताकि जांचकर्ताओं को घटनाक्रम स्थापित करने में मदद मिल सके कि भीड़ किन गलियों से इकट्ठा हुई थी और हमले से पहले पत्थर कहां से लाए गए थे और कहां जमा किये गये थे।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कवायद पहले केवल हत्या, चोरी और डकैती के मामलों में की जाती थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों पर हमले के मामलों में नहीं।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही है और हिंसा के कथित षडयंत्रकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कोलकाता पुलिस के दक्षिण-पूर्वी प्रभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति की समीक्षा की थी और घायल कर्मियों से भी मुलाकात की थी।

भाषा देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में