जयपुर, एक जून (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पार्टी के जिला अध्यक्षों से कहा कि संगठन की प्रगति चापलूसी से नहीं, बल्कि त्याग, मेहनत और जनसंपर्क से होगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
राहुल ने अजमेर के पुष्कर में आयोजित राजस्थान और दिल्ली के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाना चाहिए और जब भी गरीबों व वंचितों के साथ अन्याय हो, उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल ने शिविर में पांच घंटे से अधिक समय बिताया और पार्टी संगठन को मजबूत करने, समूह की भावना से काम करने, विचारधारा का प्रसार करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे केवल संगठनात्मक ढांचे तक सीमित न रहें, बल्कि नागरिकों से सीधा संपर्क स्थापित करें।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने और पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए लोगों का विश्वास फिर से हासिल करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रगति प्रतिबद्धता और सेवा पर आधारित होनी चाहिए, न कि वरिष्ठ नेताओं के प्रति व्यक्तिगत निष्ठा पर।
राहुल ने पार्टी नेताओं से कहा कि वे भाजपा के विमर्श का मुकाबला करने और मुद्दों पर आधारित राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने के लिए लोगों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ें।
उन्होंने राजस्थान इकाई के नेताओं के बीच तालमेल की सराहना की और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व व नेता प्रतिपक्ष के बीच कार्य संबंध को पार्टी के लिए सकारात्मक उदाहरण बताया।
राहुल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को ‘जय-वीरू की जोड़ी’ कहा।
डोटासरा ने संगठनात्मक कार्यों और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के प्रयासों पर प्रस्तुति दी।
उन्होंने राज्य इकाई द्वारा किए गए जनआंदोलनों की जानकारी भी दी।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित 10 दिवसीय शिविर से राजस्थान में संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों को गांधीवादी विचारधारा, कांग्रेस नीतियों और संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर वरिष्ठ नेताओं से प्रशिक्षण मिला।
जूली ने कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखेगी।
प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान और दिल्ली के कांग्रेस जिला अध्यक्षों तथा वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र