बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) बैंकॉक से यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे एक यात्री को 3.57 करोड़ रुपये मूल्य के हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यात्री को पांच जून को सीमा शुल्क अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर रोक लिया था।
बेंगलुरु सीमा शुल्क विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि यात्री ने चेक-इन बैगेज में 10.20 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा छिपाकर रखा हुआ था, जिसकी कीमत 3.57 करोड़ रुपये है। यात्री से हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, चार जून को हुई एक अन्य घटना में, बैंकॉक से आए एक यात्री को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल दो पर सामान में छिपाकर रखे गए 6.66 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ पकड़ा गया, जिसकी कीमत 2.33 करोड़ रुपये थी।
उन्होंने बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपियों को स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है, और आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की गई है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव