इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से आए यात्रियों की अहमदाबाद हवाई अड्डे पर हो रही जांच : पानसेरिया

Ads

इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से आए यात्रियों की अहमदाबाद हवाई अड्डे पर हो रही जांच : पानसेरिया

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 08:50 PM IST

गांधीनगर, 25 मई (भाषा) गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने सोमवार को कहा कि अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला के प्रकोप के मद्देनजर केंद्र की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर युगांडा, कांगो और दक्षिण सूडान से आने वाले यात्रियों की सघन जांच की जा रही है।

राज्य की तैयारियों और अग्रिम योजना पर चर्चा के लिए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद उन्होंने कहा कि भारत में इबोला का एक भी मामला सामने नहीं आया है, फिर भी एहतियात के तौर पर गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने अहमदाबाद और सूरत के दो अस्पतालों में विशेष बिस्तर आरक्षित किए हैं।

पानसेरिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की कड़ी निगरानी कर रहा है। अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाम छह बजे से सुबह 10 बजे के बीच युगांडा, कांगो और दक्षिण सूडान से आने वाले यात्रियों की सघन जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में गुजरात या भारत में इबोला वायरस का एक भी मामला नहीं है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के दल को केंद्र द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और एसओपी का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।’

मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह जांच केवल प्रभावित अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों के लिए है और अन्य देशों से आने वाले यात्रियों के लिए चिंता का कोई कारण नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

इबोला एक ‘वायरल रक्तस्रावी बुखार’ है, जो वायरस के बुंडिबुग्यो स्वरूप के संक्रमण से होता है और इसमें मृत्यु दर काफी अधिक होती है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप