पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी: महबूबा

Ads

पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी: महबूबा

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 04:54 PM IST

श्रीनगर, 28 जुलाई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली और ‘कश्मीर मुद्दे के समाधान’ की मांग को लेकर पांच अगस्त को पूरे जम्मू-कश्मीर में जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करेगी।

केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को निष्क्रिय कर दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पीडीपी के 27वें स्थापना दिवस के मौके पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यहां मौजूद हमारे सभी लोग पांच अगस्त को अपने-अपने जिलों में अनुच्छेद 370 और 35ए को बहाल करने और कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे।’’

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पांच अगस्त वह दिन था जब ‘‘हमसे सब कुछ छीन लिया गया’’। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने स्थापना दिवस के मौके पर एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें ‘‘कश्मीर मुद्दे के समाधान’’ से संबंधित विषय भी शामिल है।

पीडीपी के प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘पार्टी इस बात को लेकर अपना संकल्प दोहराती है कि सभी संबंधित पक्षों के बीच बातचीत, सुलह, भरोसा बढ़ाने और सार्थक लोकतांत्रिक भागीदारी के जरिए शांति ही एकमात्र रास्ता है।’’

मुफ्ती ने कहा कि पीडीपी ‘कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान’ के साथ-साथ अनुच्छेद 370, अनुच्छेद 35ए, ‘हमारी पहचान और राज्य का दर्जा’ बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा,‘‘पीडीपी इस लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध है। हम अपना संघर्ष जारी रखेंगे और ईश्वर ने चाहा तो हम इसे हासिल कर लेंगे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता और पीडीपी के संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद का दृष्टिकोण तब तक आगे नहीं बढ़ सकता, जब तक जम्मू और कश्मीर घाटी साथ मिलकर न चलें, एक-दूसरे के दुख-दर्द को न समझें और एक-दूसरे की तरक्की के लिए मिलकर काम न करें।

उन्होंने कहा, ‘‘हम साथ मिलकर आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे, ठीक वैसे ही जैसे लद्दाख में कारगिल और लेह के लोग साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।’’

महबूबा मुफ्ती ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार से व्यापार और संपर्क को फिर से बहाल करने की मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कोशिशों की वजह से 2005 में मुजफ्फराबाद और रावलकोट के बीच जो व्यापार मार्ग खुले थे, वे दुर्भाग्यवश बंद हो गए। हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि व्यापार के लिए उन्हें फिर से खोला जाए और हमारे कश्मीरी पंडित भाई-बहनों के लिए शारदा पीठ गलियारे को भी खोला जाए।’’

पीडीपी अध्यक्ष ने राजनीतिक कैदियों और विचाराधीन कैदियों की रिहाई, और उन इलाकों से सेना को हटाने की मांग की जहां आतंकवाद कम हो गया है।

उन्होंने कहा,‘‘ जम्मू-कश्मीर में खनन के लिए बाहर से ठेकेदार लाए जाते हैं और केंद्र शासित प्रदेश के पानी का इस्तेमाल बिजली बनाने में किया जाता है, जिसकी आपूर्ति पूरे देश में की जाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि केंद्र सरकार या तो हमें मुआवजा दे या कम से कम दो जलविद्युत परियोजनाएं हमें सौंप दे, ताकि हमारी स्थानीय मुश्किलें कम हो सकें।’’

भाषा धीरज देवेंद्र

देवेंद्र