पांच राज्यों में शांतिपूर्ण मतदान भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता और मजबूती का प्रमाण : देवनानी

Ads

पांच राज्यों में शांतिपूर्ण मतदान भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता और मजबूती का प्रमाण : देवनानी

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:57 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:57 PM IST

जयपुर, पांच मई (भाषा) राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को कहा कि पांच राज्यों में शांतिपूर्ण मतदान भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता और मजबूती का प्रमाण है।

देवनानी ने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में चुनाव व्यापक स्तर पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।

पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले चुनावी हिंसा की घटनाएं होती थीं, वहीं इस बार अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण मतदान लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की बड़ी जीत है।

देवनानी ने कहा कि भारत में सत्ता का हस्तांतरण शांतिपूर्ण ढंग से होता है, जो लोकतंत्र की विशेषता है और इसी कारण देश को ‘लोकतंत्र की जननी’ कहा जाता है।

उन्होंने मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को लोकतंत्र में विश्वास का संकेत बताते हुए कहा कि लोग बिना भय के अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील बूथों की पहचान, अतिरिक्त बलों की तैनाती और निगरानी व्यवस्था के जरिए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया। साथ ही, महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को उन्होंने लोकतांत्रिक जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।

भाषा बाकोलिया रंजन

रंजन