पर्ल चौधरी ने हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला
पर्ल चौधरी ने हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला
चंडीगढ़, तीन मई (भाषा) पर्ल चौधरी ने रविवार को हरियाणा महिला कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने संगठन को मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और जन कल्याण से संबंधित मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उपस्थित पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चौधरी को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि कांग्रेस को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
राव ने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी के नेतृत्व और कार्यशैली से राज्य महिला कांग्रेस को एक नई दिशा मिलेगी और उसमें नई ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस पार्टी का एक मजबूत स्तंभ है, और पर्ल चौधरी के नेतृत्व में यह और भी अधिक सशक्त होकर उभरेगी और जनता के बीच प्रभावी भूमिका निभाएगी।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण प्रदान करने की पहल के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल के दौरान हम राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक लाने वाले पहले व्यक्ति थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लिए यह कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि आस्था का विषय है। नगरपालिकाओं और पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान कांग्रेस ने ही किया था।’’
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष अल्का लांबा सहित पार्टी नेता भी इस अवसर पर मौजूद थे।
भाषा
धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


