जयपुर, छह जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान की जनता राज्य की कांग्रेस सरकार से छुटकारा चाहती है और बदलाव चाहती है।
चुघ सांगानेर व विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में जन-आक्रोश सभा को संबोधित कर रहे थे।
शिक्षा रोजगार सहित कई मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार छुटकारा चाहती और बदलाव चाहती है।
पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, चुघ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आई। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने धार्मिक आस्थाओं को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू किया और एक जनवरी 2024 से राम मंदिर कार्य पूर्ण होगा तथा दर्शन लाभ मिलेगा।’’
उन्होंने मोदी सरकार की विभिन्न ‘जनकल्याणकारी’ योजनाओं का भी जिक्र किया।
भाषा पृथ्वी नेत्रपाल
नेत्रपाल