तुलमुल्ला (जम्मू-कश्मीर), 22 जून (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि कश्मीर घाटी के लोग चाहते हैं कि कश्मीरी पंडित अपने घरों को वापस लौटें। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह दिन अब दूर नहीं है।
हालांकि, उन्होंने इसके साथ ही यह भी कहा कि इस दिशा में कश्मीरी पंडित समुदाय को खुद भी प्रयास करने चाहिए।
वार्षिक खीर भवानी मेले के अवसर पर मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले स्थित खीर भवानी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे अब्दुल्ला ने संवाददाताओं से बात की।
तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अब्दुल्ला ने कहा, “इस देवी के आशीर्वाद से हम फिर से भाईचारे की भावना देख रहे हैं, जो कई वर्षों से गायब थी। हम प्रार्थना करते हैं कि वह दिन जल्द आए, जब कश्मीरी पंडित अपने घरों को लौटें और हमारे बीच रहकर जीवन बिताएं।”
उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों की वापसी के लिए समुदाय को भी प्रयास करने होंगे।
अब्दुल्ला ने कहा, “मेरा मानना है कि लोगों को भी स्वयं प्रयास करना होगा। जब तक वे कोशिश नहीं करेंगे, उनकी वापसी संभव नहीं है। इसके लिए तैयारियां की गई हैं और घाटी के लोग भी चाहते हैं कि वे लौटें। हम भी उनकी शीघ्र वापसी की प्रार्थना करते हैं।”
अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीरी पंडितों की वापसी को सुगम बनाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं।
इस बीच, जेष्ठ अष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों कश्मीरी पंडित यहां रागन्या देवी मंदिर पहुंचे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश