नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार में ‘‘जंगलराज’’ पर अगले 100 साल तक चर्चा होगी और विपक्ष अपने कुकृत्यों को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी।
तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बीच राजद-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘गठबंधन’ नहीं, बल्कि ‘लठबंधन’ (अपराधियों का गठबंधन) है क्योंकि दिल्ली और बिहार के इसके सभी नेता जमानत पर बाहर हैं।
मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि बुजुर्ग लोग युवाओं को ‘‘जंगलराज’’ के दौरान हुए अत्याचारों के बारे में जानकारी दें।
मोदी का इशारा उस समय की ओर था जब बिहार में राजद प्रमुख लालू प्रसाद मुख्यमंत्री थे।
ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत: युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में ‘जंगलराज’ को लोग अगले 100 साल तक नहीं भूलेंगे और विपक्ष अपनी करतूतों को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी।
मोदी ने कहा, ‘‘मैं बिहार के सभी युवाओं से कहूंगा कि वे हर बूथ पर युवाओं को इकट्ठा करें और उस क्षेत्र के बुजुर्गों को बुलाकर ‘जंगलराज’ की पुरानी कहानियां सबको बताएं।’’
उन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता से बातचीत करते हुए कहा कि देश में विकास का एक ‘महायज्ञ’ चल रहा है, तथा केंद्र और बिहार में स्थिर सरकार के कारण चौतरफा काम हो रहा है।
मोदी ने कहा, ‘‘बिहार में हर क्षेत्र में, हर दिशा में काम हो रहा है। अस्पताल बन रहे हैं, अच्छे स्कूल स्थापित हो रहे हैं और नए रेल मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। यही बिहार की राजग सरकार की ताकत भी है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यही कारण है कि बिहार के युवा उत्साह से कह रहे हैं – ‘रफ्तार पकड़ चुका बिहार, फिर से एनडीए सरकार’।’’
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव राज्य के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने के लिए है और युवा इसमें अहम भूमिका निभाएंगे।
मोदी ने कहा कि बिहार को प्रौद्योगिकी और स्टार्ट-अप हब बनाने की जरूरत है, ताकि युवा अन्य राज्यों का रुख न करें और राज्य में ही अपनी आजीविका कमा सकें।
कार्यकर्ताओं से प्रचार अभियान तेज करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को अगले 20 दिन तक चौबीसों घंटे लोगों के बीच रहना होगा।’’
बिहार में छह और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल