बेंगलुरु, 23 जून (भाषा) बेंगलुरु में दो छात्रों द्वारा बैट से कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद एक ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) के मालिक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान माधव माटले (37) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे कस्तूरीनगर मेन रोड के निकट स्थित माटले के पीजी के बाहर हुई।
पुलिस ने बताया कि माटले ने कथित तौर पर आरोपियों के परिसर के भीतर नल के पानी से पैर धोने पर आपत्ति जताई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि राकेश और डॉन ब्राइट सन पीजी परिसर में नल के पानी से अपने पैर धो रहे थे, जिस पर मालिक ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और जिस पीजी में यह घटना हुई, वहां नहीं रहते थे।
उन्होंने बताया कि घटना के समय दोनों कथित तौर पर शराब के नशे में थे।
अधिकारी के अनुसार, इसी बीच माटले आरोपियों को मारने के लिए एक बैट लेकर आए। हालांकि, दोनों ने कथित तौर पर बैट छीन लिया और उससे माटले पर हमला कर दिया, जिससे चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में राममूर्ति नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, राकेश बी.कॉम. अंतिम वर्ष का छात्र है, जबकि डॉन ब्राइट सन ‘बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन’ के प्रथम वर्ष का छात्र है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप