हरियाणा में एक-दिवसीय हड़ताल के चलते दवा की दुकानें बंद रहीं

हरियाणा में एक-दिवसीय हड़ताल के चलते दवा की दुकानें बंद रहीं

हरियाणा में एक-दिवसीय हड़ताल के चलते दवा की दुकानें बंद रहीं
Modified Date: May 20, 2026 / 04:52 pm IST
Published Date: May 20, 2026 4:52 pm IST

अंबाला/कुरुक्षेत्र, 20 मई (भाषा) ऑल इंडिया केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (एआईओसीडी) के आह्वान पर हरियाणा के कई स्थानों पर दवा विक्रेताओं ने बुधवार को एक-दिवसीय हड़ताल में हिस्सा लिया।

इस संगठन ने अवैध ई-फार्मेसी संचालन और बड़ी कंपनियों द्वारा की जा रही अनुचित मूल्य निर्धारण नीतियों आदि के विरोध में एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।

हरियाणा स्टेट केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (एचएससीडीए) ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान पर अपने सदस्यों के पूर्ण समर्थन का दावा किया।

अंबाला और हिसार सहित राज्य के अधिकांश स्थानों पर दवा की दुकानें ​​बंद रहीं।

एचएससीडीए के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि ऑनलाइन विक्रेताओं द्वारा ‘अनियमित प्रथा और भारी छूट’ से छोटे दवा दुकान मालिकों को नुकसान हो रहा है।

कुरुक्षेत्र में, संगठन के महासचिव अशोक सिंगला ने कहा कि पूरे जिले में हड़ताल जारी रही।

उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र और अन्य जगहों के निजी अस्पतालों और क्लीनिक के साथ-साथ सरकारी अस्पतालों में स्थित दवा दुकानों को हड़ताल से छूट दी गई थी।

हड़ताल पर बैठे दवा विक्रेता मुख्य रूप से ‘अवैध ई-फार्मेसी और दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई, ई-फार्मेसी शृंखलाओं और ऑनलाइन मंचों द्वारा दी जा रही भारी छूट पर रोक’ की मांग कर रहे थे।

सिंगला ने कहा कि दवाओं की अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य के लिए खतरा है और छोटे खुदरा दवा विक्रेताओं को बुरी तरह प्रभावित करती है।

कई फार्मासिस्ट ने ऑनलाइन मंचों के माध्यम से बिना उचित ‘प्रिस्क्रिप्शन’ सत्यापन के दवाओं की कथित बिक्री पर भी चिंता व्यक्त की और सरकार से औषधि कानूनों को सख्ती से लागू करने की मांग की।

सिंगला ने कहा कि देशभर के दवा विक्रेता हमेशा स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और दवा आपूर्ति शृंखला की मजबूत रीढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी दवा व्यापारियों ने देशभर में दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।’’

रिटेल केमिस्ट्स एसोसिएशन (हिसार) के सचिव दीपक कालरा ने कहा कि एक-दिवसीय हड़ताल के आह्वान के तहत हिसार जिले की सभी दवा दुकानें भी बंद रहीं।

उन्होंने बताया कि दवा विक्रेता हिसार में नागौरी गेट के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सरकार से उनकी मांगों पर उचित कदम उठाने की मांग की।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में