चंडीगढ़, एक अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने एच. एस. फुल्का के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने को बुधवार को ‘सहजीवी अवसरवाद’ करार दिया और दावा किया कि इसका एक दिन सुर्खियों में बने रहने के अलावा राज्य पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वडिंग ने एक बयान में आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए भाजपा की ‘बाहर से नेताओं को शामिल करने की बेताबी’ को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘अपने दम पर सरकार बनाने की इच्छा रखने वाली पार्टी को ‘बाहरी लोगों’ पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।’’
वडिंग ने आरोप लगाया कि पंजाब में भाजपा के अधिकांश नेता अन्य पार्टियों से आए हैं और उन्होंने ऐसे कई नेताओं के नाम भी बताए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह भाजपा के बारे में फुल्का के पुराने बयानों पर चर्चा नहीं करेंगे, लेकिन दावा किया कि वे टिप्पणियां अभी भी लोगों की यादों में ताजा हैं।
भाषा अमित आशीष
आशीष