डिंडीगुल (तमिलनाडु), तीन अप्रैल (भाषा) भाजपा नेता पीयूष गोयल द्वारा द्रमुक को ‘भ्रष्ट और वंशवादी’ करार दिए जाने पर पलटवार करते हुए द्रविड़ पार्टी की सांसद कनिमोई ने कहा कि केंद्रीय मंत्री स्वयं एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
कनिमोई ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘गोयल हमें वंशवादी नहीं कह सकते क्योंकि वह स्वयं ऐसे हैं। वह एक राजनीतिक परिवार से आते हैं, और मुझे लगता है कि भाजपा के कई नेता राजनीतिक परिवारों से हैं। हो सकता है कि प्रधानमंत्री नहीं हों, लेकिन उनमें (भाजपा नेताओं) से कई राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें (गोयल) इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।’’
उन्होंने यह भी कहा कि द्रमुक के जनप्रतिनिधि राजनीति में केवल उनके परिवार के कारण नहीं बल्कि इसलिए हैं क्योंकि उन्हें जनता ने चुनावों के माध्यम से चुना है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब देते हुए द्रमुक सांसद ने भाजपा को ‘‘एक बड़ी वाशिंग मशीन’’ बताया।
कनिमोई ने कहा, ‘‘जैसे ही आप उनसे गठबंधन करते हैं या भाजपा के सदस्य बन जाते हैं, सब कुछ भुला दिया जाता है। वे आपको उस ‘बड़ी वाशिंग मशीन’ में डाल देते हैं और आप साफ-सुथरे बाहर निकल आते हैं। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि भाजपा को किसी और को भ्रष्ट कहने का अधिकार है।’’
उन्होंने केंद्र सरकार पर सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए हथियार के रूप में करने का भी आरोप लगाया।
कनिमोई ने द्रमुक को हिंदू विरोधी पार्टी बताए जाने के विमर्श को भी खारिज किया और कहा कि राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों में से अधिकतर हिंदू हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम समावेशी राज्य और शासन में विश्वास करते हैं। हम यह भी मानते हैं कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम हिंदुओं के खिलाफ हैं।’’
कनिमोई ने इस बात पर प्रकाश डाला कि द्रमुक सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 4,000 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार करने के साथ ही 7500 एकड़ मंदिर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया है।
भाषा शफीक वैभव
वैभव