भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) ओडिशा में गर्म और उमस भरे मौसम के बीच बिजली कटौती की स्थिति के दौरान प्रदीप कुमार जेना ने सोमवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए ओडिशा विद्युत विनियामक आयोग (ओईआरसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
ऊर्जा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने जेना का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव विशाल कुमार देव द्वारा हस्ताक्षरित आधिकारिक आदेश में कहा गया है, “जेना को 25 मई 2026 (दोपहर) से पदमुक्त होने की अनुमति दी जाती है।”
आदेश में यह भी कहा गया कि ओडिशा के राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
जेना को मार्च 2025 में मुख्य सचिव के तौर पर कार्यकाल पूरा होने के बाद ओईआरसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
ओईआरसी एक अर्ध-न्यायिक संस्था है, जो राज्य में बिजली दरों के नियमन के लिए जिम्मेदार है।
यह आयोग ओडिशा के बिजली क्षेत्र में दक्षता, पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा व आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का भी काम करता है।
भाषा जोहेब माधव
माधव