पीएलएफआई आतंकी वित्तपोषण मामला: एनआईए ने झारखंड में भारी मात्रा में गोला बारूद जब्त किया

Ads

पीएलएफआई आतंकी वित्तपोषण मामला: एनआईए ने झारखंड में भारी मात्रा में गोला बारूद जब्त किया

  •  
  • Publish Date - May 27, 2023 / 09:54 PM IST,
    Updated On - May 27, 2023 / 09:54 PM IST

नयी दिल्ली,27 मई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड के एक वन क्षेत्र में नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि गुमला जिले के कामडारा इलाके में स्थित एक घने वन से 7.62 एमएम की 1,245 कारतूस और 5.56 एमएम की 271 कारतूस जब्त की गई।

उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते गिरफ्तार किये गये प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के स्वयंभू प्रमुख दिनेश गोप द्वारा इस बारे में खुलासा किये जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

गोप को कुलदीप यादव और बडकू के नाम से भी जाना जाता है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘जब्त गोला बारूद सिकसोहरा, नालंदा (बिहार) से करीब दो साल पहले लाया गया था। इसे पीएलएफआई सदस्यों को आतंकी एवं हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए मुहैया करने के वास्ते रखा गया था।’’

गोप के खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 30 लाख रुपये का इनाम भी है। उसे 21 मई को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया और वह अभी एनआईए की हिरासत में है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश