देहरादून, 23 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार को चार वर्ष पूरे करने पर सोमवार को बधाई दी और कहा कि ऊर्जावान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य कर रहा है।
एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तराखंड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने की हार्दिक बधाई। इस दौरान विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं।’’
मोदी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और समृद्ध परंपराओं की भूमि रही है तथा यहां की विविध भाषाएं-बोलियां, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली राज्य को विशिष्ट पहचान देती हैं।
उन्होंने कहा,‘‘जब से केंद्र में हमारी सरकार बनी है, तब से उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के माध्यम से राज्य में रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।’’
प्रधानमंत्री ने राज्य के सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी सराहा एवं कहा कि इन पहलों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी मदद मिली है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप को बढ़ावा तथा डिजिटल और हरित विकास जैसे प्रयासों की भी सराहना की ।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होगी।
उन्होंने राज्य के नागरिकों को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा ।
प्रधानमंत्री के बधाई संदेश के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके शब्दों में देवभूमि की अंतर्निहित शक्ति, व्यापक संभावनाएं और राज्य के प्रति उनके विशेष लगाव का प्रेरक प्रतिबिंब दृष्टिगोचर होता है ।
अपनी सरकार की चार वर्ष की यात्रा को प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेशवासियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक संकल्प की परिणित बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘हमारी सरकार जनसेवा, पारदर्शिता और समावेशी विकास के मूलमंत्र के साथ सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को पूरा कर रही है।’’
धामी ने कहा कि ‘विकसित भारत—2047′ के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री के स्नेह, विश्वास और सहयोग से राज्य को नई उंचाइयों तक पहुंचाने का यह प्रयास सतत जारी रहेगा ।
भाषा दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार