प्रधानमंत्री के पास अमेरिकी हमले में भारतीयों की मौत की निंदा करने का वक्त नहीं है: ओवैसी

Ads

प्रधानमंत्री के पास अमेरिकी हमले में भारतीयों की मौत की निंदा करने का वक्त नहीं है: ओवैसी

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 10:10 AM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 10:10 AM IST

हैदराबाद, 12 जून (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिका के सैन्य हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास समारोहों के लिए तो समय है लेकिन भारतीयों की मौत की निंदा करने का समय नहीं है।

ओवैसी ने दावा किया कि केंद्र सरकार भारतीय नाविकों और अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में काम करने वालों की जान की रक्षा करने में बार-बार ‘‘विफल’’ रही है।

ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीयों की जान बचाना सरकार का पहला कर्तव्य है। यह दुखद और व्यथित करने वाला है कि प्रधानमंत्री के पास समारोहों के लिए समय है लेकिन भारतीयों की जान लेने के लिए अमेरिकी सेना की निंदा करने का समय नहीं है।’’

उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत के इतिहास में कभी इससे कमजोर सरकार रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस अब भी भारतीयों को सैनिकों के रूप में भर्ती कर रहा है ‘‘जो मारे जा रहे हैं’’ लेकिन सरकार असहाय है।

ओवैसी ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘सरकार फिल्मों में चीन का नाम लेने या गलवान की लड़ाई दिखाने की अनुमति नहीं देती और अब अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारतीय नाविकों के साथ यह हुआ है। एक देश के रूप में हम इससे बेहतर के हकदार हैं। जय हिंद।’’

भारत ने बृहस्पतिवार को बताया कि अमेरिकी सेना ने पिछले चार दिन में ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन वाणिज्यिक पोतों पर हमला किया जिसमें तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। भारत ने कहा कि उसने इस मामले को अमेरिका के समक्ष सख्ती से उठाया है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना