भुवनेश्वर, 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ओडिशा में पुनर्विकसित किए गए सात रेलवे स्टेशनों का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। यह देशभर में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों में शामिल हैं।
इन सात रेलवे स्टेशन में बरपाली, बलांगीर, पारलाखेमुंडी, तालचेर, केसिंगा, बिमलगढ़ और बारिपदा शामिल हैं। ये सभी पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) के अंतर्गत आते हैं।
ईसीओआर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा की समृद्ध विरासत से प्रेरित और आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस ये स्टेशन, भारतीय रेलवे की सुलभ और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। स्टेशन बदल रहे हैं, समुदायों को जोड़ रहे हैं और विकसित भारत का निर्माण कर रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ओडिशा के सात पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों – तालचेर, बलांगीर, बरपाली, केसिंगा, पारलाखेमुंडी, बिमलगढ़ और बारिपदा – को राष्ट्र को समर्पित किया। यह हमारे राज्य के रेलवे बुनियादी ढांचे में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’
उन्होंने कहा कि आधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांगजनों के अनुकूल डिजाइन और सुगम पहुंच से युक्त ये स्टेशन ओडिशा के लोगों के यात्रा अनुभव को पूरी तरह बदल देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया बुनियादी ढांचा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और पूरे राज्य में संतुलित एवं समावेशी विकास को गति देगा।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश