नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हाल में हुई बढ़ोतरी पर की गई राहुल गांधी की टिप्पणियों की सोमवार को आलोचना की और कांग्रेस नेता पर देश को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के उस तीखे हमले के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई हालिया बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि ‘महंगाई मानव’ ने फिर से हमला किया है। उन्होंने कहा था कि मोदी का काम सिर्फ चुनाव के दौरान वादे करना और बाकी समय लोगों की जेब पर हमला करना है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को क्रमश: 2.61 और 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जो दो हफ्ते से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता को ‘‘अपरिपक्व और अराजक’’ कहा और आरोप लगाया कि ‘‘विपक्ष के नेता देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
भाटिया ने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया भर में तेल और डीजल की कीमतों में भारी उछाल आया है; हालाँकि, इसकी तुलना में भारत में कीमतों में हुई बढ़ोतरी मामूली रही है, विशेष रूप से तब जब इसे अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों में हुई वृद्धि के साथ देखा जाए।
भाजपा प्रवक्ता ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘राहुल गांधी, अगर आपका मकसद अराजकता फैलाना है, तो हम भी भारत को और मजबूत बनाने का पक्का इरादा रखते हैं।’’
उन्होंने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस वैश्विक चुनौती का असरदार तरीके से सामना कर रहा है। भाटिया ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और लोग मोदी सरकार का समर्थन करते हैं।
भाटिया ने दावा किया कि मलेशिया में पेट्रोल की कीमतें 58 प्रतिशत, अमेरिका में 46 प्रतिशत, कनाडा में 34 प्रतिशत, चीन में 25 प्रतिशत और ब्रिटेन में 20 प्रतिशत बढ़ी हैं, जबकि भारत में अब तक सिर्फ़ 5.5 प्रतिशत मूल्य बढ़ा है।
उन्होंने कहा, ‘‘लगभग 65 से 70 दिन तक युद्ध जैसे हालात रहे, फिर भी भारत में पेट्रोल की कीमतें 1 रुपये भी नहीं बढ़ीं। इसका मुख्य कारण सरकार का यह इरादा था कि आम आदमी पर कोई बोझ न पड़े।’’
भाटिया ने कहा कि सरकार ने भारत के लोगों के हित में ‘‘ठोस कदम’’ उठाए, जबकि तेल कंपनियों ने नुकसान स्वीकार कर लिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एक और जरूरी सच यह है कि 75 दिन बाद भी देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, और ये ईंधन बाजार में मौजूद हैं। गैस को लेकर वैश्विक संकट है, वहीं भारत ने घरेलू गैस को प्राथमिकता दी है, जिससे इसकी उपलब्धता सुनिश्चित हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को यह सब देखना चाहिए। नफरत में अंधे होना ठीक नहीं है।’’
भाटिया ने राहुल गांधी की उस कथित टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार एक साल के अंदर गिर जाएगी, और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ‘लोकतंत्र और पूरी व्यवस्था को खत्म करने’ की बात कर रहे हैं, क्योंकि वह लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता में नहीं आ सकते।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, जो पहले ही भारतीय राजनीति के ‘भस्मासुर’ हैं, अब ज्योतिषी बन गए हैं और सरकारों का भविष्य भी बताने लगे हैं। राहुल गांधी सरकार गिरने की बात कर रहे हैं, लेकिन असल में, लोगों की नजरों में वह ही गिर गए हैं।’’
भाषा वैभव दिलीप
दिलीप