नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को संसदीय चुनावों में उनकी पार्टी को मिली ‘निर्णायक’ जीत के लिए बधाई दी।
मोदी ने कहा कि भारत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित है।
इथियोपिया में एक जून को हुए चुनाव के बाद सत्ताधारी प्रॉस्पेरिटी पार्टी ने संसद में अपना भारी बहुमत बरकरार रखा है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इथियोपियाई संसदीय चुनावों में निर्णायक जीत के लिए मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और प्रॉस्पेरिटी पार्टी को हार्दिक बधाई। भारत इथियोपिया के साथ अपने ऐतिहासिक, बहुआयामी और गहरे संबंधों को बहुत महत्व देता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास पिछले साल इथियोपिया की अपनी यात्रा की सुखद यादें हैं और मैं हमारी रणनीतिक साझेदारी और हमारे लोगों के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हूं।’’
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश