मेंगलुरु, 17 फरवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि मोदी सरकार को केंद्र की सत्ता में वापस नहीं लाया जाना चाहिए क्योंकि वह (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) देश को तानाशाही की ओर ले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसरों का सृजन करने और सभी नागरिकों के बैंक खातों में 15 लाख रुपये जमा करने के अपने वादों का सम्मान नहीं किया।
शहर के बाहरी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी तानाशाह बनना चाहते हैं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों और मीडिया सहित संपूर्ण शासन व्यवस्था को नियंत्रित करना चाहते हैं।’’
राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कर्नाटक में कम से कम 20 सीट हासिल करने का भरोसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में अपने चुनाव घोषणापत्र में सभी गारंटी पूरी की, लेकिन मोदी अपनी बातों से मुकर गए।
खरगे ने कहा कि मोदी हमेशा व्यक्तिगत गारंटी पर जोर देते रहे हैं, जबकि कांग्रेस सामूहिक रूप से अपने वादों को पार्टी की गारंटी के रूप में संदर्भित करती है। उन्होंने कहा कि अपनी व्यक्तिगत छवि को बढ़ावा देने वाले मोदी के विपरीत, कांग्रेस पार्टी की सामूहिक प्रतिबद्धता पर जोर देती है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस राज्य में लोकसभा चुनाव में कम से कम 20 सीट पाने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्ष में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया और लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भरोसा नहीं करने को कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा भावनाओं से खिलवाड़ करती है और लोगों के बीच धार्मिक और जातिगत विभाजन का फायदा उठाती है। देश की जनता ने पिछले एक दशक में भाजपा के ‘अच्छे दिन’ के वादे को कभी पूरा होते नहीं देखा, जबकि कांग्रेस झूठे वादे नहीं करती।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में लोगों के सामने पेश की गई सभी पांच गारंटियों को केवल आठ महीनों में पूरा किया है।
उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मेंगलुरु में कांग्रेस की एक गौरवशाली परंपरा है जहां जनार्दन पुजारी और वीरप्पा मोइली जैसे वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया।
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार ने कार्यकर्ताओं से आत्मविश्वास के साथ मतदाताओं के पास जाने को कहा क्योंकि कांग्रेस ने राज्य में अपने वादों को पूरा किया है।
शिवकुमार ने कहा कि जनता दल (एस) नेता एच. डी. देवेगौड़ा ने भाजपा की जीत पर कभी देश छोड़ने की कसम खाई थी लेकिन वह अब अपने बेटे को बचाने के लिए उसी पार्टी से हाथ मिला रहे हैं।
कांग्रेस में एकता का आह्वान करते हुए शिवकुमार ने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी को भारी जीत दिलाने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ आना चाहिए।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव