प्रधानमंत्री मोदी एक दिन की भी छुट्टी लिए बिना लगातार काम कर रहे: रेखा गुप्ता

Ads

प्रधानमंत्री मोदी एक दिन की भी छुट्टी लिए बिना लगातार काम कर रहे: रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 10:17 PM IST

(तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर बुधवार को उत्तरी दिल्ली की किशनगंज गौशाला का दौरा किया और एक मंदिर में पूजा-अर्चना की।

गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि आज वह (मोदी) सबसे लंबे समय तक पद रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं और वह बिना एक भी दिन की छुट्टी लिए, देश की सेवा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों लोग प्रधानमंत्री मोदी के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं, जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हर कोई देश का सम्मान बढ़ाने और ‘विकसित भारत’ के उनके दृष्टिकोण के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहता है, जिसके लिए वह निरंतर काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं के केंद्र में महिलाएं हैं, चाहे वह देशभर में शौचालयों को बढ़ावा देकर उन्हें सम्मान देना हो या उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराकर उनके जीवन को आसान बनाना हो।

गुप्ता ने कहा, ‘इस अवसर पर मैं देश की महिलाओं की ओर से भी उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं।’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को एक पत्र भी लिखा है जिसमें उन्होंने कहा, “आपके प्रेरणादायी नेतृत्व में दिल्ली केवल बदल नहीं रही है, अपने बेहतर स्वरूप की ओर बढ़ रही है।’’

गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार भी सेवा सुशासन और जनसहभागिता की इसी प्रेरणा के साथ विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमें विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में हमारी राजधानी, विकसित भारत की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतीक बनकर उभरेगी।”

वहीं, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज सिंह ने विकासपुरी के कुंवर सिंह नगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में विशेष हनुमान चालीसा पाठ और हवन का आयोजन किया।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक ऐसे नए दौर की शुरुआत की है, जिसमें विकास और सांस्कृतिक विरासत साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।

भाषा नोमान नोमान सुभाष

सुभाष