प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की, कहा किसानों को फायदा मिलेगा

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की, कहा किसानों को फायदा मिलेगा

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 09:10 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 14 खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि, कोयला गैसीकरण परियोजनाओं और अन्य रेल एवं विमानन परियोजनाओं को बढ़ावा देने की योजना को मंजूरी देने की सराहना करते हुए कहा कि इनसे किसानों को मदद मिलेगी, संपर्क मजबूत होगा, वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा कि देशभर के किसान भाई-बहनों के हितों की रक्षा करने और उनकी आय बढ़ाने के लिए राजग सरकार लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसी दिशा में हमारी सरकार ने वर्ष 2026-27 के विपणन सत्र के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानि एमएसपी में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इस फैसले से देश के करोड़ों अन्नदाताओं को जहां उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिलेगा, वहीं उनके जीवन में और खुशहाली आएगी।’’

सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन को मंत्रिमंडल की मंजूरी पर मोदी ने कहा कि यह शहर के बुनियादी ढांचे के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है।

उन्होंने कहा, ‘‘नागपुर हवाई अड्डे से संबंधित मंत्रिमंडल के फैसले से इसे एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में उभरने में तेजी आएगी। इससे संपर्क मजबूत होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।’’

गुजरात में अहमदाबाद और धोलेरा के बीच 134 किलोमीटर लंबी सेमी हाई स्पीड दोहरी रेल लाइन के निर्माण की मंजूरी पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे धोलेरा को अवसर, उद्यम और भविष्य के लिए तैयार बुनियादी ढांचे के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने में मजबूती मिलेगी।

मोदी ने कहा कि मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत सतही कोयला/लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं को बढ़ावा देने की योजना से ऊर्जा सुरक्षा को और बढ़ावा मिलेगा, निवेश में वृद्धि होगी और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे प्रौद्योगिकी और नवाचार प्रणाली को मजबूत करने के हमारे प्रयासों को भी बल मिलेगा।’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव