प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 02:41 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 02:41 PM IST

(फोटो के साथ)

जयपुर, 28 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सर्वाइकल कैंसर’ के विरुद्ध राष्ट्रीय ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार को राजस्थान के अजमेर से की। उन्होंने इस अभियान को देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम करार दिया।

इसके साथ ही मोदी ने राजस्थान के लिए 16,686 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्यों एवं परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।

आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रामस्थली में बने टीकाकरण स्थल से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नौ से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद भी किया।

बाद में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आज वीरांगनाओं की इस धरती से मुझे देशभर की बेटियों के लिए एक अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है। अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। ये अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है।’’

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राजस्‍थान की जिन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया उसमें लगभग 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से तथा करीब 8,132 करोड़ रुपये की नौ प्रमुख परियोजनाएं केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं।

इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने खुद दो युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।

भाषा पृथ्वी संतोष सुरभि

सुरभि