प्रधानमंत्री मोदी 27 से 29 अप्रैल तक सिक्किम और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे

Ads

प्रधानमंत्री मोदी 27 से 29 अप्रैल तक सिक्किम और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 06:59 PM IST

नयी दिल्ली/गंगटोक, 26 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 से 29 अप्रैल तक सिक्किम और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह गंगटोक में सिक्किम राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के समारोह और वाराणसी में एक महिला सम्मेलन में भाग लेंगे।

उत्तर प्रदेश में, प्रधानमंत्री हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का भी उद्घाटन करेंगे, जो देश में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 48 पूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और लगभग 5,300 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मोदी 27 अप्रैल की दोपहर गंगटोक पहुंचेंगे और अगले दिन सुबह पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगे।

गंगटोक में, वह सिक्किम भर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शुरुआत और आधारशिला रखेंगे और इस मौके पर एक सभा को संबोधित भी करेंगे।

बयान के अनुसार, ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को शामिल करती हैं, और इनका उद्देश्य सिक्किम में समग्र और समावेशी विकास को गति देना है।

इसके अनुसार, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में, प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगंग में 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे।

बयान के अनुसार, वह एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे राज्य में पारंपरिक और एकीकृत चिकित्सा प्रणालियों तक पहुंच सुदृढ़ होगी।

इसमें कहा गया है कि शिक्षा क्षेत्र में, प्रधानमंत्री यांगंग में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, चाकुंग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक, गंगटोक जिले के सोचेयगांग में हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और ग्यालशिंग जिले के डेंटम में डेंटम व्यावसायिक कॉलेज का उद्घाटन करेंगे।

बयान के अनुसार, वह सिक्किम के 160 स्कूलों में आईटी-सक्षम शैक्षिक अवसंरचना परियोजनाओं के कार्यान्वयन की शुरुआत करेंगे। सिक्किम में कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए, प्रधानमंत्री सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरे लेन वाले स्टील पुलों की आधारशिला रखेंगे, जो नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 28 अप्रैल को शाम लगभग पांच बजे, वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां वह लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह इस मौके पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

मोदी 29 अप्रैल को वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री हरदोई के लिए रवाना होंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। वह इस मौके पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का विस्‍तारीकरण करना, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाले ‘सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट’ (एसटीपी) का उद्घाटन शामिल हैं।

इसके अनुसार, मोदी लगभग 5,300 करोड़ रुपये की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जल आपूर्ति योजनाएं, श्री शिव प्रसाद गुप्ता संभागीय जिला अस्पताल में 500 बिस्तरों वाला बहु-विशेषज्ञ अस्पताल, भोजुवीर और सिगरा में बाजार परिसरों और कार्यालयों का निर्माण शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि अन्य परियोजनाओं में तालाबों का जीर्णोद्धार और नवीनीकरण, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल का पुनर्निर्माण, 100 बिस्तरों वाले गहन चिकित्सा ब्लॉक का निर्माण और अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट समेत प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल हैं।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप