प्रधानमंत्री मोदी 20 जून से दो दिवसीय बंगाल दौरा करेंगे, कई परियोजनाओं की होगी शुरुआत

Ads

प्रधानमंत्री मोदी 20 जून से दो दिवसीय बंगाल दौरा करेंगे, कई परियोजनाओं की होगी शुरुआत

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 09:04 PM IST

कोलकाता, 19 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून से पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कई बड़ी विकास पहलों और किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत के साथ रक्षा क्षेत्र की अहम उपलब्धियां देखने को मिलेंगी।

इसके अलावा पूर्वी भारत से जुड़ी भाजपा की रणनीति में अहम स्थान रखने वाले इस राज्य में योग के जरिए बड़े पैमाने पर लोगों से संपर्क साधा जाएगा।

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मोदी का बंगाल का पहला दौरा राज्य के लिए राजनीतिक रूप से अहम समय पर हो रहा है।

चुनावों में भाजपा की निर्णायक जीत ने बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस कई चुनौतियों से जूझ रही है, जिनमें पार्टी के कई नेताओं की गिरफ्तारी, बड़े नेताओं के इस्तीफे और पार्टी के भीतर बढ़ता मतभेद शामिल हैं।

बदलते राजनीतिक समीकरणों के इस माहौल में, प्रधानमंत्री का दौरा विकास और राजनीतिक संदेश, दोनों ही नजरिए से अहम है।

प्रदेश भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘विकास, खेती, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये भाजपा नीत केंद्र सरकार राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताना चाहती है और साथ ही किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग जैसे अहम वर्गों के साथ अपना जुड़ाव भी मजबूत करना चाहती है।’’

मोदी 20 जून को हुगली जिले के तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में शामिल होंगे, जो राज्य का स्थापना दिवस है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया है, ‘‘इस साल के पश्चिम बंगाल दिवस की थीम ‘पश्चिम बंगाल: विरासत, सद्भाव और विकास’ है। यह राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, सामाजिक एकजुटता और विकास की आकांक्षाओं को दर्शाता है।’’

इस कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों में कई विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।

बयान में कहा गया, ‘‘मोदी पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे, जो 18,880 करोड़ रुपये की होगी। यह राशि देश भर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को मिलेगी।’’

इसमें कहा गया, ‘‘अकेले पश्चिम बंगाल में, 45 लाख से ज़्यादा लाभार्थियों के खाते में 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जाएगी, जिससे राज्य में इस योजना के तहत कुल बांटी गई राशि 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगी।’’

मोदी दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज में आधुनिक और अधिक क्षमता के मछली पकड़ने वाले बंदरगाह और बीरभूम के सैंथिया में नयी बनी आधुनिक मछली मंडी का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री हावड़ा जिले में संकराइल-संतरागाछी लिंक लाइन परियोजना समेत लगभग 590 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनीं 49 सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे।

बंगाल पहली बार देश के मुख्य योग दिवस कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के मशहूर रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर, प्रधानमंत्री स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों को शामिल करेंगे।

भाषा शफीक संतोष

संतोष