देहरादून, 10 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुधवार को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका मार्गदर्शन राज्य के विकास के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में, धामी ने उत्तराखंड के लोगों की ओर से मोदी को बधाई दी।
मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
पत्र में धामी ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में भारत ने आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, शासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में अहम ढांचागत सुधारों और पहल का श्रेय भी प्रधानमंत्री को दिया। इनमें केदारनाथ और बद्रीनाथ के पुनर्विकास की योजनाएं, चार धाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लिंक, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, वंदे भारत रेल सेवा और कई रोपवे व सीमा विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
भाषा आशीष रंजन
रंजन