प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल सहकर्मियों से सोच-समझकर खर्च करने, ईंधन व्यय कम करने का आग्रह किया

Ads

प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल सहकर्मियों से सोच-समझकर खर्च करने, ईंधन व्यय कम करने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 07:34 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 07:34 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) आयात खर्च घटाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग कम करने, सोने की खरीद बंद करने और अन्य उपायों के लिए जनता से की गई अपील के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल सहकर्मियों से पेट्रोलियम पदार्थों सहित अनावश्यक खर्चों में कटौती करने का आग्रह किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने अपनी अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मंत्रियों से कहा कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर उन्हें लागत में कटौती पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और संसाधन खर्च में समझदारी से कमी लानी चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से अपने काफिले के आकार और विदेश यात्राओं में कटौती करने का भी आग्रह किया, जिसके बाद कई मंत्रियों ने इस संबंध में कदम उठाने की घोषणा की।

जनता से ईंधन की खपत कम करने और अधिक समझदारी से खर्च करने की अपील करने के कुछ दिन बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं अपने काफिले का आकार काफी कम कर दिया जिसके बाद भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी इस दिशा में कदम उठाने की घोषणा की।

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश