अमेठी में बहन के प्रेम विवाह कर लेने पर जीजा की हत्या कर दी गयी, दो गिरफ्तार

Ads

अमेठी में बहन के प्रेम विवाह कर लेने पर जीजा की हत्या कर दी गयी, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 08:19 PM IST

अमेठी (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) अमेठी जिले के शुकुल बाजार इलाके में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके साले और उसके (साले के) साथी ने कथित तौर पर तलवार से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सरवनन टी ने कहा कि शुकुल बाजार के रहमतगढ़ के शाहिद का शव 24 फरवरी को शहर के पास एक नाले के पास से बरामद किया गया था, उसपर तेज धार वाले हथियार से वार किया गया था।

एसपी ने कहा,‘‘शव बरामद होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा कर लिया और शाहिद के साले लोहांगी निवासी सुहैल एवं उसके सहयोगी मवैया रहमतगढ़ के अभिषेक पाल को गिरफ्तार कर लिया।’’

पुलिस के मुताबिक, सुहैल अपनी बहन के शाहिद से प्रेम विवाह का विरोध करता था।

सरवनन ने कहा,‘‘24 फरवरी की रात को आरोपी ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर शाहिद पर तलवार से हमला किया और उसकी हत्या कर दी।’’

उन्होंने बताया कि अपराध में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि शस्त्र अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया है।

शाहिद शुकुल बाजार इलाके के मशहूर टेंट व्यवसायी शरीफ का बेटा था। परिजनों के मुताबिक शाहिद सोमवार शाम घर से निकला था लेकिन रात को वापस नहीं लौटा। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चला । अगली सुबह उसका खून से लथपथ शव एक नाले के पास मिला।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार