आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी के मामले में पुलिस ने डीडीसीए के दो कर्मचारियों को नोटिस जारी किया

Ads

आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी के मामले में पुलिस ने डीडीसीए के दो कर्मचारियों को नोटिस जारी किया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 10:19 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) पुलिस ने आईपीएल मैचों के टिकटों की कालाबाजारी करने वाले गिरोह के खिलाफ जांच के तहत दिल्ली और जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के दो कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आईपीएल टिकट घोटाले के सिलसिले में आगे की जांच के लिए नोटिस जारी किए गए हैं और दोनों कर्मचारियों से जल्द ही पूछताछ की जा सकती है।

डीडीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘दिल्ली पुलिस द्वारा तलब किए गए डीडीसीए के लोग जांच में पूरा सहयोग करेंगे।’

अपराध शाखा ने टाटा आईपीएल मैच के टिकट अत्यधिक कीमतों पर बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें ऐसे पास भी शामिल थे, जिनपर लिखा था, ‘‘यह बिक्री के लिए नहीं हैं।”

पुलिस के नौ मई के बयान के अनुसार, आरोपी मुकीम (35), गुफरान उर्फ साजिद (36) और मोहम्मद फैसल (38) को आईपीएल टिकटों की अवैध बिक्री के संबंध में मिली सूचना के बाद आठ मई को दिल्ली गेट के पास से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डीडीसीए के अधिकृत प्रतिनिधि बनकर लोगों को अधिक कीमतों पर टिकटें बेचीं। पुलिस ने उनके पास से आईपीएल के 33 पास सहित 54 टिकट और 25,000 रुपये नकद बरामद किए।

जांचकर्ताओं ने पहले कहा था कि आरोपी आईपीएल मैचों की मेजबानी करने वाले शहरों में सक्रिय एक व्यापक कालाबाजारी नेटवर्क का हिस्सा हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान सुरेश

सुरेश