नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के बारानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के समर्थन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पार्टी के नेतृत्व पर बढ़ते विश्वास और बदलाव की इच्छा को दर्शाती है।
प्रधान ने कहा कि राज्य की जनता भाजपा का समर्थन करेगी, जो उनकी आकांक्षाओं को समझती है, और तृणमूल कांग्रेस की ‘डर और विभाजन की राजनीति’ को खारिज करेगी।
प्रधान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बारानगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सजल घोष जी के समर्थन में यहां शोभा यात्रा के दौरान जनता की भारी भागीदारी को देखकर मैं अत्यंत अभिभूत हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सड़कों पर दिखा स्नेह और दृढ़ विश्वास सम्मान, सुरक्षा और जवाबदेह शासन पर आधारित बदलाव की बढ़ती इच्छा को दर्शाता है।’’
प्रधान ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर भाजपा के इरादों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा के इरादों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के बार-बार किए गए प्रयासों के बावजूद, पश्चिम बंगाल के लोग भय और विभाजन की राजनीति को तेजी से नकार रहे हैं तथा ऐसे नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं जो उनकी आकांक्षाओं को समझता है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “ममता दीदी चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, वो बंगाल की जनता को गुमराह करने में सफल नहीं होंगी। इस बार बंगाल की जनता ही इस महान भूमि का भविष्य तय करेगी।”
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश