फुकेत उड़ान घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट; एएआईबी ने पायलट के मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि को गंभीर चिंता बताया
फुकेत उड़ान घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट; एएआईबी ने पायलट के मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि को गंभीर चिंता बताया
नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुक्रवार को कहा कि एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की जांच में मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि होना ‘‘गंभीर चिंता का विषय’’ है और उसने नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की।
एएआईबी ने चार अगस्त की घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। एयरबस ए320 विमान से संचालित उड़ान अचानक 300 फुट नीचे आ गई थी जिससे कई लोग घायल हो गए थे।
एएआईबी ने अपनी अंतरिम सुरक्षा सिफारिश में कहा, ‘‘चालक दल के एक सदस्य की मन:प्रभावी पदार्थ संबंधी जांच रिपोर्ट ‘निगेटिव नहीं’ आने के मद्देनजर डीजीसीए से ऐसे पदार्थों के इस्तेमाल को रोकने के लिए उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की जाती है।’’
फुकेत से दिल्ली की उड़ान एआई 2379 का संचालन एयरबस ए320-251एन विमान से किया जा रहा था, जिसका पंजीकरण नंबर वीटीईएक्सओ था। विमान में दो पायलट और चालक दल के छह सदस्यों समेत कुल 145 लोग सवार थे।
कुल 10 पृष्ठ की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, विमान के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद 24 लोगों को चिकित्सकीय सहायता दी गई, जिनमें से चार को गंभीर चोटें आई थीं।
एएआईबी ने कहा कि इस मामले में पुष्टि के लिए की गई जांच में मुख्य पायलट की मन:प्रभावी पदार्थ संबंधी रिपोर्ट ‘‘निगेटिव नहीं’’ पाई गई।
उसने कहा, ‘‘मन:प्रभावी पदार्थ के सेवन की पुष्टि गंभीर चिंता का विषय है और एएआईबी ने डीजीसीए से प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की है।’’
एएआईबी ने कहा कि शुरुआत में उसे सूचना दी गई थी कि विमान को दिल्ली जाते समय ‘टर्बुलेंस’ (हवा में तेज झटकों) का सामना करना पड़ा था। एकत्र किए गए साक्ष्यों और विमान में सवार लोगों को लगी चोटों के आकलन के आधार पर इस घटना को दुर्घटना की श्रेणी में रखा गया।
जांच एजेंसी विभिन्न पक्षों से जुटाए गए आंकड़ों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
एएआईबी ने कहा, ‘‘जांच दल ने (केबिन सुपरवाइजर समेत) चालक दल और उड़ान दल के सदस्यों से दिल्ली हवाई अड्डे पर बातचीत की। इसके बाद जांच दल ने उड़ान दल के दोनों सदस्यों से अलग से पूछताछ की।’’
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


