नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि माही बांसवाड़ा राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना की पहली इकाई का प्रारंभिक परीक्षण वित्त वर्ष 2032-33 तक पूरा होने की उम्मीद है।
यह परियोजना पर राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) और भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) के संयुक्त उपक्रम के तहत क्रियान्वित की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल सितंबर में राजस्थान के बांसवाड़ा में परियोजना की आधारशिला रखी थी, जिसे 42,000 करोड़ रुपये की कुल लागत से स्थापित किया जाना है।
ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि एनटीपीसी 2047 तक संयुक्त उपक्रम में और अपने स्तर पर कुल मिलाकर 30 गीगावाट परमाणु क्षमता वाले संयंत्र स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि यह 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता हासिल करने के सरकार के लक्ष्य का हिस्सा है।
नाइक ने कहा कि एनटीपीसी और एनपीसीआईएल का संयुक्त उपक्रम ‘अणु शक्ति विद्युत निगम लिमिटेड’ (अश्विनी) परियोजना का क्रियान्वयन कर रहा है।
भाषा
वैभव सुभाष
सुभाष