यूरोप के तीन देशों की यात्रा के बाद दिल्ली लौटीं राष्ट्रपति मुर्मू

Ads

यूरोप के तीन देशों की यात्रा के बाद दिल्ली लौटीं राष्ट्रपति मुर्मू

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 08:14 AM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 08:14 AM IST

(अश्विनी श्रीवास्तव)

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई यूरोप के तीन देशों की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न करने के बाद रविवार को दिल्ली पहुंचीं।

मुर्मू ने अपनी यात्रा के पहले चरण में 20 जुलाई को मोल्दोवा का दौरा किया। किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की मोल्दोवा की यह पहली यात्रा थी।

इस दौरान दोनों देशों ने कृषि, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवा एवं औषधि, नवीकरणीय ऊर्जा तथा नवोन्मेष सहित आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई।

मोल्दोवा के बाद मुर्मू ने 21 से 22 जुलाई तक उत्तर मैसेडोनिया की यात्रा की। वह इस देश की यात्रा करने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं।

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने पर सहमति जताई और पर्यटन, आतिथ्य एवं फिल्म निर्माण सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्तर मैसेडोनिया की संसद और भारत-उत्तर मैसेडोनिया व्यापार मंच के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।

उन्होंने स्कोप्जे के एक संग्रहालय में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया और मदर टेरेसा स्मारक भी गईं।

मदर टेरेसा का जन्म 26 अगस्त 1910 को स्कोप्जे में हुआ था जो अब उत्तर मैसेडोनिया की राजधानी है। मदर टेरेसा 1928 तक स्कोप्जे में रहीं। इसके बाद वह आयरलैंड में ‘सिस्टर्स ऑफ लोरेटो’ में शामिल होने के लिए वहां से चली गईं और बाद में अंतत: भारत आ गईं।

तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में मुर्मू 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचीं। तीन दशक से अधिक समय में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की यह पहली रोमानिया यात्रा है।

उनकी यात्रा के दौरान भारत और रोमानिया ने अगले तीन वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने और रक्षा सहित द्विपक्षीय साझेदारी के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई।

राष्ट्रपति ने शुक्रवार को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में भारत-रोमानिया व्यापार मंच को संबोधित किया। उन्होंने रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर अलग से व्यापक चर्चा भी की।

इस दौरान आपसी लाभ के लिए भारत और रोमानिया के बीच कुशल पेशेवरों की आवाजाही से संबंधित आवागमन साझेदारी समझौते (एमपीए) को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा हुई।

रोमानिया में 13,500 से अधिक भारतीय रहते हैं, जिनमें करीब 10,000 कामगार शामिल हैं।

मुर्मू को उनकी रोमानिया यात्रा के दौरान ‘बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज’ ने मानद डॉक्टरेट की डिग्री से भी सम्मानित किया।

‘डॉक्टर ऑनोरिस कॉसा’ विश्वविद्यालय का सर्वोच्च अकादमिक सम्मान है। यह शिक्षा, लोक सेवा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया जाता है।

राष्ट्रपति ने भारत रवाना होने से पहले शनिवार को भारतीय समुदाय के सदस्यों और ‘भारत के मित्रों’ से मुलाकात की।

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमूबेन जयंतीभाई बंभानिया, राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा और लोकसभा सदस्य विजय बघेल सहित अन्य लोग राष्ट्रपति के साथ यात्रा पर गए प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।

भाषा सिम्मी गोला

गोला