नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) भाजपा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प को पूरा करने का वादा किया, और पार्टी प्रमुख नितिन नवीन ने कहा कि मोदी के रहते यह संभव है।
शुक्रवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाया, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और 2029 से विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव था।
राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने महिलाओं से माफी मांगी और कहा कि सरकार भले ही विधेयक को पारित नहीं करा पाई हो, लेकिन वह महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने प्रयासों को कभी नहीं छोड़ेगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अधिनियम को पूरा करने का संकल्प लिया है, और हम भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इसे पूरा करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा इसलिए है क्योंकि ‘मोदी है तो मुमकिन है’।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और इसके सहयोगियों-तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शुक्रवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान करने पर उनका ‘‘महिला-विरोधी’’ चेहरा बेनकाब हो गया।
भाषा नेत्रपाल
नेत्रपाल