जयपुर, 30 जून (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में मंगलवार को कंचनिया की ढाणी के पास करीब दस बच्चों को लेकर जा रही एक निजी विद्यालय की वैन में अचानक आग लग गई, हालांकि कोई भी हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वैन कॉपर क्षेत्र से बच्चों को लेकर सिंघाना की ओर जा रही थी। यह वाहन सिंघाना के एक निजी प्ले स्कूल का था।
चालक ने वैन से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तुरंत उसे रोक दिया। आग पूरे वाहन में फैलने से पहले ही चालक ने फुर्ती दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में वैन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।
सूचना मिलने पर खेतड़ी तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने के कारण इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
भाषा बाकोलिया वैभव
वैभव