वाशिंगटन, 30 जून (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कीथ सॉन्डरलिंग को श्रम मंत्री के पद पर नामित करने की घोषणा की। इससे पहले वह कार्यवाहक श्रम मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे।
यह नियुक्ति पूर्व श्रम मंत्री लोरी चावेज-डीरेमर के पद छोड़ने के लगभग दो महीने बाद की गई है। उन्होंने सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के बीच इस्तीफा दे दिया था।
सॉन्डरलिंग पेशे से वकील हैं और ट्रंप प्रशासन में विभिन्न कार्यवाहक तथा नेतृत्वकारी पदों पर कार्य कर चुके हैं। इससे पहले वह उप श्रम मंत्री तथा समान रोजगार अवसर आयोग (ईईओसी) के रिपब्लिकन सदस्य भी रह चुके हैं।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर सॉन्डरलिंग के नामांकन की घोषणा करते हुए लिखा, ‘‘अपने पूरे करियर में कीथ ने हमारे देश के मेहनतकश लोगों के लिए बेहतर परिणाम देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। मुझे विश्वास है कि वह अपनी नयी जिम्मेदारी को शानदार तरीके से संभालेंगे।’’
हालांकि, सॉन्डरलिंग की नियुक्ति के लिए सीनेट की मंजूरी आवश्यक होगी।
लोरी चावेज-डीरेमर ने अप्रैल में उनके खिलाफ चल रही कई जांचों की खबरें सामने आने के बाद इस्तीफा दे दिया था।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक खबर के अनुसार, श्रम विभाग के महानिरीक्षक ऐसे दस्तावेजों की जांच कर रहे थे, जिनसे पता चलता है कि चावेज-डीरेमर, उनके वरिष्ठ सहयोगी और परिवार के सदस्य नियमित रूप से विभाग के युवा कर्मचारियों को निजी संदेश और व्यक्तिगत अनुरोध भेजते थे।
उन पर यह आरोप भी लगा कि वह कार्यालय में शराब का सेवन करती थीं और अपने सहयोगियों को मुख्य रूप से निजी उद्देश्यों के लिए आधिकारिक यात्राओं की योजना बनाने का निर्देश देती थीं।
हालांकि, चावेज-डीरेमर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।
एपी गोला वैभव
वैभव