एनएसयूआई में आंतरिक चुनाव के लिए प्रक्रिया आरंभ

Ads

एनएसयूआई में आंतरिक चुनाव के लिए प्रक्रिया आरंभ

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:29 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को संगठन के आंतरिक चुनाव की घोषणा की और इसके लिए प्रक्रिया की शुरुआत की।

एनएसयूआई चुनाव से संबंधित केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य के के शास्त्री ने बताया कि संगठन के आंतरिक चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और इसकी शुरुआत राज्यों में सदस्यता अभियान से होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।

शास्त्री ने संवाददाताओं से कहा, “व्यापक विचार-विमर्श के बाद चुनाव का ऐसा मॉड्यूल तैयार किया गया है, जिसमें चुनाव सभी के लिए खुला हो, चुनाव प्रक्रिया तक सभी की आसान पहुंच हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो।”

उनके अनुसार, पहले चरण में राज्यों में चुनाव की घोषणा के साथ सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। सदस्यता के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक और छात्र होना, भारतीय संविधान में आस्था एवं निष्ठा रखना तथा उसकी आयु 16 वर्ष से 27 वर्ष (27 वर्ष से कम) के बीच होना आवश्यक होगा। इसके अलावा कॉलेज का पहचान पत्र और आधार कार्ड अनिवार्य होंगे।

शास्त्री ने कहा कि पहले चरण में कॉलेज और विश्वविद्यालय अध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा तथा संबंधित समितियों का गठन किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में निर्वाचित कॉलेज एवं विश्वविद्यालय अध्यक्ष जिला अध्यक्ष, जिला समिति, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश समिति का चुनाव करेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और आवश्यक छानबीन के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

एनएसयूआई में आठ साल बाद आंतरिक चुनाव कराए जा रहे हैं।

भाषा हक प्रशांत

प्रशांत