चेन्नई, दो मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने बृहस्पतिवार को इरोड ईस्ट विधानसभा सीट के उपचुनाव में पार्टी समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार के लगभग अजेय बढ़त हासिल करने के बाद कहा कि अच्छा प्रदर्शन 22 महीने पुरानी उनकी सरकार के ‘‘द्रविड़ शासन मॉडल’’ को मिले जन समर्थन को दर्शाता है।
इरोड पूर्व निर्वाचन क्षेत्र में 27 फरवरी को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। वोटों की गिनती जारी है और कांग्रेस के ई.वी.के.एस. इलनगोवन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक के के.एस. थेनारासु पर बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के आठ दौर के बाद इलनगोवन को 61,125 वोट मिल चुके थे और वह 38,000 वोट से आगे हैं।
स्टालिन ने कहा, ‘प्रचार अभियान के दौरान मैंने बार बार द्रविड़ शासन मॉडल के लिए लोगों का समर्थन मांगा। लोगों ने अपना फैसला सुनाते हुए बता दिया है कि इसे और अधिक जोश के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।’
भाषा
जोहेब मनीषा
मनीषा