ईंधन की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ईंधन की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ईंधन की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Modified Date: May 19, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: May 19, 2026 7:02 pm IST

जयपुर, 19 मई (भाषा) जयपुर जिला कलक्ट्रेट के बाहर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र और राजस्थान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

यह विरोध ईंधन की बढ़ती कीमतों, महंगाई, घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कमी, ई-मित्र सेवाओं में कथित भ्रष्टाचार और कई क्षेत्रों में पेयजल संकट को लेकर किया गया।

प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने जयपुर के जिलाधिकारी संदेश नायक को विभिन्न जन समस्याओं को उजागर करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

माकपा जिला सचिव डॉ. संजय माधव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है और इससे महंगाई बढ़ी है।

उन्होंने कहा, “तेल और गैस कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कम कीमतों के कारण पिछले कुछ वर्षों में भारी मुनाफा कमाया है, लेकिन अब आम जनता को इसका बोझ उठाना पड़ रहा है।”

पार्टी नेताओं ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कमी और कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिलेंडर काले बाजार में तीन हजार से छह हजार रुपये तक बेचे जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने ई-मित्र सेवाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया और केंद्रों के माध्यम से लोगों से की जा रही वसूली और शोषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पार्टी नेताओं ने जयपुर शहर, आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर चौमूं में पेयजल संकट पर चिंता जताई।

उन्होंने आरोप लगाया कि पानी के टैंकर संचालक इस संकट का फायदा उठाकर मुनाफा कमा रहे हैं।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में