पश्चिम बंगाल में चिकित्सक बलात्कार-हत्या मामले को लेकर रैलियां और विरोध प्रदर्शन

Ads

पश्चिम बंगाल में चिकित्सक बलात्कार-हत्या मामले को लेकर रैलियां और विरोध प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - August 25, 2024 / 08:40 PM IST,
    Updated On - August 25, 2024 / 08:40 PM IST

कोलकाता, 25 अगस्त (भाषा) स्थानीय आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सक से कथित बलात्कार और हत्या के विरोध में रविवार को पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में रैलियां तथा प्रदर्शन हुए।

राज्य की राजधानी कोलकाता में नागरिक समाज के सदस्यों ने मौला अली के रामलीला मैदान से एस्प्लेनेड के मेट्रो चैनल तक मार्च निकाला तथा पीड़िता के लिए न्याय की मांग की।

इस दौरान बांग्ला में नारे लगाये गये, जिसका अर्थ है- हाथरस से आरजी कर तक, बलात्कार के खिलाफ आवाज उठाओ।

मार्च के आयोजकों में से एक मानवाधिकार कार्यकर्ता शताब्दी दास ने कहा, “हम राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के बयान और सभी बलात्कारियों को सजा देने की मांग करते हैं- चाहे अपराध हाथरस में हुआ हो या कोलकाता में। महिलाओं पर इस तरह के भयानक हमलों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।”

मशहूर नृत्यांगना ममता शंकर ने शहर के दक्षिणी हिस्से में अपने शिष्यों की एक रैली का नेतृत्व किया।

उन्होंने कहा, “हम अब बस यही मांग कर रहे हैं कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी लोगों का पता लगाया जाए और त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए, ताकि अपराधियों को कड़ी सजा मिले। उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए।”

सरकारी जादवपुर विद्यापीठ के पूर्व छात्रों ने भी दक्षिण कोलकाता में एक रैली निकाली।

नौ अगस्त को अस्पताल में स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक से साथ बलात्कार और हत्या के विरोध में राज्य के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की रैलियां निकाली गईं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश