नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की।
सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी, प्रियंका और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में उस घायल छात्रा की मां से भी मिले जिसे सोमवार को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो जारी कर पोस्ट किया कि कांग्रेस के तीनों प्रमुख नेताओं ने ‘‘सोमवार को युवाओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों’’ से मुलाकात की।
पार्टी ने आरोप लगाया कि देश में छात्रों का भविष्य ‘‘रौंदा जा रहा है’’ और आवाज उठाने पर उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भी त्यागपत्र देना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात करने नहीं दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए। ’’
भाषा हक हक नरेश
नरेश